“हॉर्न ठीक नहीं है” अभियान के तहत शोर प्रदूषण को रोकने के लिए उठाए जाएंगे सख्त कदम: एसडीम कांगड़ा

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

आज संयुक्त भवन कांगड़ा में राज्य सरकार द्वारा चलाए गए हॉर्न ठीक नहीं है अभियान के तहत शोर के प्रदूषण को कैसे रोका जाए इस पर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन एसडीम कांगड़ा अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में हुआ। एसडीएम कांगड़ा ने बताया कि वर्तमान समय में विभिन्न प्रकार के प्रदूषण की गंभीर समस्या पूरे संसार के लिए बनी हुई है। इन्हीं में से शोर प्रदूषण आज के समय में बहुत अधिक मात्रा में बढ़ गया है। जिस की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा हॉर्न ठीक नहीं है अभियान चलाया गया है।

शोर प्रदूषण की समस्या सड़क पर गाड़ियों द्वारा, अकारण हॉर्न बजाने, ऊंची आवाज में लाउड स्पीकर की आवाज, फैक्ट्रियों की आवाज और इस तरह के अनेक कारणों से शोर प्रदूषण बढ़ रहा है। जिसका मानव के जीवन पर बुरा असर हो रहा है। जीव जंतु और पशु पक्षियों में भी इसका बहुत असर देखने को मिल रहा है। जिसके कारण इनकी कई प्रजातियां विलुप्त हो रही है। अतः अब इसकी रोकथाम बहुत आवश्यक हो गई है। सरकार द्वारा शोर नहीं नाम से मोबाइल ऐप जारी किया गया है। जिसे गूगल स्टोर पर लोड किया जा सकता है।

इस मोबाइल एप का प्रयोग करके कोई भी आम व्यक्ति यदि कहीं पर शोर प्रदूषण होते हुए देखता है तो वह इस ऐप का प्रयोग करके उसकी वीडियो, ऑडियो या फोटो भेज कर सूचना दे सकता है। जिसके उपरांत प्रशासन द्वारा संबंधित के ऊपर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपमंडल कांगड़ा के अंतर्गत आने वाली ऐसी जगहों पर विशेष निगरानी व संदेश देने की प्रक्रिया को अधिक जोर से चलाया जाएगा जहां पर शोर की समस्या अधिक देखी जाती है । मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को इस समस्या पर कार्यवाही करने के आदेश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों को शोर प्रदूषण को रोकने से संबंधित जानकारी देने हेतु सामग्री दी। इस बैठक में एसडीम कांगड़ा अभिषेक वर्मा, डीएसपी सुनील राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।