सदन में विपक्ष ने मुख्यमंत्री पर लगाया झूठ बोलने का आरोप, किया वॉकआउट

सदन में चौथे दिन भी पक्ष विपक्ष के बीच बढ़ गई नोक-झोंक

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला
विधानसभा के मॉनसून सत्र के चौथे दिन एक बार फिर सदन के अंदर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने प्रश्नकाल के दौरान ही सरकार पर सदन में झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए वॉकआउट कर दिया। बीजेपी विधायक रणधीर शर्मा के सवाल पर मुख्यमंत्री का जवाब आया तो पक्ष विपक्ष के बीच नोक-झोंक बढ़ गई।

विपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए सदन के अंदर ही काफी देर तक नारेबाजी होती रही और विधानसभा अध्यक्ष सदस्यों को शांत करने की कोशिश करते रहे। इसके बाद विपक्ष के विधायक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल आए।

यह भी पढ़ें: चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दिल्ली का व्यक्ति गिरफ्तार

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ बोलकर सदन को लगातार गुमराह किया जा रहा है। कहा कि पिछले 9 महीने से कई विभागों के डिवीजन में जो काम हो चुके हैं उनकी पेमेंट नहीं हुई है। अब सरकार ने पेमेंट करनी शुरू की है तो उसमें भी छांट छांट कर कांग्रेस नेताओं की पेमेंट की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रश्नकाल के दौरान रणधीर शर्मा ने विभिन्न विभागों के डिवीजन में लम्बित पेमेंट का सवाल पूछा था जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पेमेंट की जा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार झूठ बोलकर सत्ता में आई है और उन्होंने प्रदेश सरकार की व्यवस्था पर भी कई सवाल उठाए है।

ब्यूरो रिपोर्ट  शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें