एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी में प्राकृतिक खेती विषय की हो सकती है शुरुआत: CM जयराम

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो । शिमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों को एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी में प्राकृतिक खेती विषय शुरू करने का सुझाव दिया है। प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकारों से केमिकल मुक्त खेती पर अधिक समर्थन करने का भी आह्वान किया है। पीएम के संबोधन को सुनने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल देश में पहला राज्य है जहां प्राकृतिक खेती को सरकार की ओर से बढ़ावा और समर्थन दिया जा रहा है।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले दिनों हुई मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में भी प्राकृतिक खेती पर हिमाचल की ओर से प्रेजेंटेशन दी गई। उस वक्त भी प्रधानमंत्री ने इस खेती को अपनाने के लिए किसानों से आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुवार को प्राकृतिक खेती पर प्रधानमंत्री को सुनने के लिए करीब 8 करोड़ किसान सीधे तौर पर जुड़े थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीधे तौर पर किसानों से प्राकृतिक खेती से जुड़ने का आह्वान किया है।

सीएम ने इस दौरान कहा कि हिमाचल में पहले से ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इस विधि से खेती करने के लिए पहाड़ी नस्ल की गाय खरीदने में भी हिमाचल सरकार वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। हिमाचल में प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के कार्यकारी निदेशक प्रो। राजेश्वर सिंह चंदेल का कहना है कि यह हमारे लिए बड़े ही गर्व की बात है कि छोटे से पहाड़ी राज्य हिमाचल की ओर से की गई पहल आज राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति पा रही है।

राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि इस खेती विधि से प्रदेश में अभी तक 1,64,756 किसान-बागवानों को प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें से 1,53,643 किसान-बागवान परिवारों ने 1 लाख बीघा (9,192 हेक्टेयर) से ज्यादा भूमि पर इस खेती विधि को खेती-बागवानी में अपनाया है।