आपदा प्रभावितों से मिलने के बहाने सरकारी खर्चे पर शिमला अपने घर पहुंची प्रियंका गांधीः जंवाल

उज्ज्वल हिमाचल। मंडी

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का हिमाचल दौरा पूरी तरह से एक राजनीतिक दौरा है। यह बात मंडी जिला के सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा का समय एक माह से ज्यादा बीत गया है लेकिन कांग्रेस आलाकमान को अब प्रदेश की जनता की याद आ रही है।

प्रदेश के मुखिया सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक चार दिन पहले पर्यटकों को हिमाचल आने का न्यौता दिया है जिसके चलते सबसे पहली पर्यटक कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जी आईं हैं। जो हवाई दौरा कर अब अपने दूसरे घर शिमला के छराबड़ा में आराम फरमा रही हैं।

हालांकि प्रियंका गांधी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों का दुख दर्द जानने के लिए दिल्ली से हवाई मार्ग से आईं थीं लेकिन न तो वे उन प्रभावित परिवार से मिल पाई जिन्होंने अपनों को ख़ोया और न ही उन लोगों से मिल पाई जिनके आशियाने, जमीन और पशुधन बाढ़ में बह गया।

यह भी पढ़ेंः शिवालिक इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल में धूमधाम से मनाया हिन्दी दिवस

अपने दौरे के दौरान वे सिर्फ उन चुनिंदा लोगों से मिली हैं जिन्हें मंडी की जनता ने सत्ता से हराकर बाहर फेंका है। विधायक राकेश जम्वाल ने प्रियंका गांधी के दौरे को एक पर्यटक का दौरा करार दिया है। जिसमें दिल्ली से उनके साथ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला व उनका निजी स्टाफ हिमाचल घूमने आया है।

उन्होंने कहा कांग्रेस महासचिव अगर सच में आपदा प्रभावित परिवार का दुख दर्द जानने के लिए आना होता तो एक माह पहले आना चाहिए था। कांग्रेस महासचिव न तो प्रभावित परिवारों से मिल पाई न ही कोई राहत पहुंचा पाई हैं। और न ही प्रदेश की जनता से इनसे कोई राहत की उम्मीद है।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें