शाहपुर : शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सरवीण चौधरी ने आज ग्राम पंचायत डोहव के ढोली, मंझीयार, ग्राम पंचायत कैरी के चतरेर और खप्पर नाला में घर-घर जाकर व नुक्कड़ सभाएं आयोजित करके जनता से समर्थन मांगा। पंचायतों में पहुंचने पर लोगों ने सरवीण चौधरी का जोरदार स्वागत किया। जनसंपर्क अभियान में सरवीण चौधरी को भारी संख्या में जनता का समर्थन मिल रहा है।
नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए सरवीण चौधरी ने कहा कि हमारे कार्यकाल में प्रदेश व शाहपुर विधानसभा में चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा जन हित के लिए निर्णय लिया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस देश में डूबता जहाज है जो अपनी नईया पार लगाने की कोशिश में हैं।
यह भी पढ़ें : पीने के पानी की पाइप टूटी, गंदा पानी पीने को मजबूर हुए लोग
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी पार्टी छोड़ के भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस झूठे वादे कर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। लेकिन भाजपा सरकार ने हमेशा लोगों के काम किए हैं इसलिए इस बार जनता प्रदेश में रिवाज बदलेगी और भाजपा की सरकार फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि शाहपुर की जनता एक फिर उन्हें अपनी सेवा का मौका दें और फिर विधायिका बना कर विधानसभा भेजें।