कोरोनाकाल में हिमाचल को दी 2930 करोड़ की आर्थिक सहायता: विजय

एमसी शर्मा। नादौन

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कोरोना संकट काल में प्रदेश की दिल खोल कर की गई मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि विपदा की इस घड़ी में केंद्र ने प्रदेश को 2930 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान कर लोगों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से उतपन्न वैश्विक महामारी के दौरान 20 लाख करोड़ का ’आत्मनिर्भर भारत पैकेज’ और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रधानमंत्री के नेतृत्व के प्रति जनता का विश्वास दृढ़ हुआ है और केंद्र तथा प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार से लोगों को भारी लाभ पंहुचा है।

पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में, आत्मनिर्भर भारत अभियान न केवल महामारी संकट से लड़ने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है, बल्कि आज भारत की पहचान एक आधुनिक देश की भी बन गई है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर पैकेज की घोषणा के बाद से लेकर अब तक 30 लाख से अधिक लघु इकाइयों को 1.10 लाख करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से देश के गांव, गरीब, मजदूर और किसानों की मदद करने हेतु 64,500 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।

इसके तहत प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि के रूप में देश के 8.70 करोड़ किसानों को 17890 करोड़ रुपए, 20 करोड़ महिला जन-धन खाता धारकों के एकाउंट में 30,611 करोड़, तीन करोड़ दिव्यांगों, विधवाओं एवं बुजर्गों को 3000 करोड़ और उज्ज्वला योजना के तहत 8 करोड़ से अधिक महिलाओं को तीन मुफ्त गैस सिलिंडर के रूप में 13,000 करोड़ रुपए की सहायता दी गई। देश के 80 करोड़ गरीबों को राहत देने के लिए सरकार ने तीन महीने के लिए मुफ्त राशन की योजना को नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया है।

इस पर 90 हजार करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे। अग्निहोत्री ने कोरोना काल में प्रदेश की दिल खोलकर मदद करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि संकट काल में केंद्र ने हिमाचल प्रदेश को 2930 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान कर प्रदेश की जनता को भारी राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 48 लाख लोगों को 37,000 टन अनाज के साथ साथ 2,60,000 को मुफ्त सिलेंडर भी उपलब्ध करवाकर लोगों को अतिरिक्त तौर पर लाभान्वित किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 8,70,000 किसानों के खाते में 174 करोड़ की राशि व प्रदेश जनधन योजना के खातों में 30 करोड़ रूपए की राशि डाली गयी है। प्रदेश में एक लाख 11 हजार से अधिक वृद्धों, विधवाओं और दिव्यांगों को सामाजिक पेंशन के तहत लगभग पांच करोड़ 79 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

प्रदेश के 16,680 लोगों को उद्यम चलाने हेतु 400 करोड़ रुपये का ऋण भी इस अवधि में वितरित किया गया है। प्रदेश को इस वित्तीय वर्ष में लगभग 12,000 करोड़ रूपए आर्थिक सहायता व अनुदान के रूप में प्रदेश को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इसके लिए सदैव आभारी रहेगी।