कांगड़ा के नटेहड़ में तेजधार हथियार से युवक को मार डाला, पढ़ें क्या है पूरा मामला!

A young man was killed with a sharp weapon in Natehar, Kangra, read what is the whole matter!

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

कांगड़ा के साथ लगते नटेहड़ में कल रात पारिवारिक झगड़े में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान, एसपी कांगड़ा खुशहाल व एसएचओ कांगड़ा मौके पर पहुंचे। हत्या के इस मामले में पुलिस ने हमलावर परिवार के 4 सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

डीएसपी कांगड़ा के अनुसार, नटेहड़ में हुई हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान समेत काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित थे। जहां वारदात हुई उस स्थान पर रहने वाले व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई।

मामले की गहनता से छानबीन के लिए 3 व्यक्तियों व एक महिला को हिरासत में भी लिया गया है। इस मामले में एक वृद्ध महिला से भी पूछताछ की गई है जोकि इस मामले के बाद अपने घर के साथ लगते अन्य कमरे में भूसे के ढेर में छिपी हुई थी। इस महिला के घर वालो से पूछने पर उन्होंने बताया था कि उन्हे जानकारी नहीं है कि महिला इस समय कहां है। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक का नाम रिपन था जिसका बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। रिपन के परिवार के सदस्यों के साथ हमलावर सदस्यों ने कुछ देर पहले गाली गलौच की थी।

यह भी पढ़ेंः शास्त्री पोस्ट पर चयनित हुए उम्मीदवारों ने नियुक्ति हेतु लगाई गुहार

इस बारे में पता चलने पर रिपन इन व्यक्तियों से पूछने लगा कि उन्होंने उसके परिवार के साथ बदस्लूकी क्यों की? इतने में विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावर परिवार के सदस्यों ने रिपन की बुरी तरह पिटाई कर दी व तेजधार हथियार से कईं बार हमला किया। रिपन को चिल्लाता देख आसपास के ग्रामीण एकत्रित होने लगे। रिपन की अत्यधिक घायल अवस्था को देख उसे टांडा अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन इसी बीच उसने बीच रास्ते में ही दम तोड दिया।

डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हमले में शामिल परिवार के 4 सदस्यों को आगामी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में खुलासा होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।

संवाददाताः अंकित वालिया

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।