अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी सभी करें निर्वहन: DC मंडी

Carry out all your duties along with your rights: DC Mandi
नवगठित केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों को भी दिलाई गई शपथ

मंडी : हम सभी को अपने संविधान से मिले अधिकारों का इस्तेमाल करने के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी करना चाहिए जिससे लोकतंत्र और ज्यादा मजबूत हो। संविधान ने हमें अधिकारों के साथ 11 ड्यूटी भी दी हैं, जिसका हमें पालन करना चाहिए। यह बात शनिवार को सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में आयोजित संविधान दिवस के दौरान उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने कही। इस मौके पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय की नवगठित केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में डीसी मंडी अरिंदम चौधरी मुख्य अतिथि और प्रोफेसर सुरेश कपूर, सेवानिवृत्त प्रोफेसर विधि विभाग हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित छात्र छात्राओं को कार्यक्रम में मौजूद सभी वक्ताओं ने भारतीय संविधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही संविधान से हमें प्राप्त हुए अधिकारों और कर्तव्यों के निर्वहन के बारे में भी बताया गया।

यह भी पढ़ें : ब्रांडेड शराब नहीं पिलाने पर दोस्त ने दोस्त को दी दर्दनाक मौत

इस दौरान अपने संबोधन में उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने कहा कि भारतीय संविधान के जैसा कोई और संविधान नहीं है और इसकी यह भी खासियत है कि जिस दौर में इसे बनाया गया उस दौर में शिक्षा का स्तर भी उन्नत नहीं था लेकिन फिर भी हमारे राजनेताओं के प्रयासों से भारत ने अपना संविधान बनाया। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें अधिकारी दिए हैं जिनका हम आए दिन इस्तेमाल भी करते हैं लेकिन उसके साथ ही हमें 11 ड्यूटी भी दी गई हैं जिनका पालन भी जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने इस मौके पर सभी को संविधान के इतिहास इसके वर्तमान स्वरूप के बारे में जानकारी देने के साथ ही इसकी जरूरत को भी समझाया।

वहीं शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए डीन छात्र कल्याण डा ममता शर्मा ने केंद्रीय छात्र संघ पैनल द्वारा मेरिट आधार पर मनोनीत कार्यकारिणी की घोषणा की। यशस्वी राजगौर (जंतु विज्ञान विभाग) को केंद्रीय छात्र संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया। इसमें सीमा देवी (रसायन शास्त्र विभाग) को उपाध्यक्ष, दिव्या शर्मा (जंतु विज्ञान विभाग) को सचिव और नेहा ठाकुर (औद्योगिक रसायन विज्ञान) को एससीए को सह सचिव की शपथ दिलाई।

इससे पूर्व इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में 11 टीमों ने भाग लिया, जिसमें काजल और प्रवीण कुमार जूलॉजी विभाग का पहला स्थान, विकास ठाकुर और चिंता देवी इतिहास विभाग दूसरा स्थान और तनुजा कुमारी और यशपाल इतिहास विभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में रसायन विज्ञान विभाग की राजेश्वरी ने पहला, इतिहास विभाग के विकास ठाकुर ने दूसरा और वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रवीण कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

संवाददाता : उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।