बेसहारा पशुओं को नहीं मिल रहा ठिकाना,हराम किया किसानों का जीना

बेसहारा पशुओं को नहीं मिल रहा ठिकाना,हराम किया किसानों का जीना

उज्जवल हिमाचल। ज्वाली
विधानसभा क्षेत्र ज्वाली (Jawali) के अधीन ग्राम पंचायत हार (Har) के ख़बल में 266 कनाल जमीन पर पांच करोड़ की लागत से गौ सेंक्चुरी बनकर तैयार हो गई है लेकिन इसका संचालन न होने से बेसहारा गौवंश को इसका कोई भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। बेसहारा पशुओं के जगह-जगह झुंडों के झुंड दिख रहे हैं।

जिनको रहने के पर्याप्त कोई ठिकाना नहीं है। पांच करोड़ की लागत से निर्मित हुई गौ सेंक्चुरी में करीबन दो से तीन हजार बेसहारा पशुओं को रखने की क्षमता है। इसका संचालन न हो पाने के कारण बेसहारा पशु ठंड, गर्मी झेल रहे हैं। गौ सेंक्चुरी ख़बल का शिलान्यास वर्ष 2020 में तत्कालीन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किया गया था तथा इसके लिए भाजपा सरकार ने करीबन पांच करोड़ रुपए का बजट भी मुहैया करवाया।

गो सेंक्चुरी ख़बल में चारदीवारी सहित शेड इत्यादि का निर्माण हुआ है। इसी जमीन पर पशुओं के लिए चारा बीजने की भी पर्याप्त जगह है। कार्य पूरा होने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्ष 2022 में इसका लोकार्पण भी कर दिया लेकिन सत्ता परिवर्तन होने के कारण इसका संचालन करने में भाजपा पिछड़़ गई।

यह भी पढ़ेंः अमृतपाल सिंह के साथियों की गिरफ्तारी के बाद नालागढ़ पुलिस सतर्क

मौजूदा समय में सत्तासीन कांग्रेस सरकार इसका संचालन भी नहीं करवा पा रही है। गौ सेंक्चुरी ख़बल का संचालन न करवा पाने के कारण किसान आज भी बेसहारा पशुओं के आतंक से परेशान हैं तथा किसानों में प्रदेश की सत्तासीन कांग्रेस सरकार के खि़लाफ़ रोष पनप उठा है।

किसानों ने कहा कि ज्वाली के विधायक चंद्र कुमार (MLA Chander Kumar) को कृषि एवं पशुपालन विभाग मंत्री बनाया गया है लेकिन मंत्री चन्द्र कुमार भी इसका संचालन नहीं करवा पा रहे हैं। पांच करोड़ रुपए की लागत से निर्मित गौ सेंक्चुरी ख़बल का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। बुद्धिजीवियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू, कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार से मांग की है कि गौ सेंक्चुरी ख़बल का संचालन अतिशीघ्र करवाया जाए ताकि किसानों को राहत तथा आवारा पशुओं को ठिकाना मिल सके।

एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह के बोलः-
इस बारे में एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गौ सेंक्चुरी ख़बल का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसके संचालन के लिए पशुपालन विभाग को कहा गया है तथा पशुपालन विभाग द्वारा इसके संचालन का जिम्मा टेंडर लगाकर एनजीओ को दिया जाएगा।

पूर्व विधायक अर्जुन सिंह के बोल……
इस बारे में पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने गौ सेंक्चुरी ख़बल का शिलान्यास किया तथा पांच करोड़ रुपए का बजट प्रावधान करवाकर कार्य कंप्लीट होने पर लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार इस गौ सेंक्चुरी का संचालन तक करवाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि चन्द्र कुमार के पास कृषि एवं पशुपालन विभाग का दायित्व है तो उनको इस गौ सेंक्चुरी का संचालन प्राथमिकता से करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मंत्री चन्द्र कुमार के निकम्मेपन को दर्शा रहा है।

कृषि एवं पशुपालन मंत्री चन्द्र कुमार के बोल……
इस बारे में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चन्द्र कुमार ने कहा कि जल्द ही गौ सेंक्चुरी ख़बल का संचालन होगा तथा बेसहारा पशुओं को ठिकाना मिलेगा व किसानों को बेसहारा पशुओं से निजात मिलेगी। फिलहाल इसके चारों तरफ प्रोटेक्शन वाल लगाई जाएगी ताकि बरसात के कारण इसको कोई नुकसान न हो।

संवाददाताः चैन सिंह गुलेरिया

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।