कांगड़ा : राजनीतिक पार्टियों द्वारा हिमाचल में ब्राह्मण वर्ग को पर्याप्त टिकट न दिए जाने पर हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण कल्याण परिषद ने गहरा रोष प्रकट किया है। जिसको लेकर टण्डन क्लब कांगड़ा में प्रदेश अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आपातकालीन बैठक का आयोजन कर सभी दलों द्वारा ब्राह्मण वर्ग की अनदेखी पर रोष प्रकट किया है। विशेषकर भाजपा पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए परिषद ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में किसी भी ब्राह्मण पर भरोसा न जता कर भाजपा ने ब्राह्मण वर्ग के साथ अन्याय किया है।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा ने बैठक के उपरांत पत्रकारों से कहा कि ब्राह्मण विरोधी मानसिकता को सहन नहीं किया जा सकता तथा इसका नतीजा पार्टियों को चुनाव में भुगतना पड़ सकता है । उन्होंने भाजपा नेतृत्त्व से पूछा है कि क्या इनके नेताओं को पूरे जिले में एक भी योग्य ब्राह्मण नजर नहीं आया।
यह भी पढ़ें : टिकट मिलने पर बज्रेश्वरी मंदिर में समर्थकों संग पवन काजल ने लिया मां का आशीर्वाद
उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने जिला में किसी भी ब्राह्मण को टिकट नहीं दिया था, फिर भी ब्राह्मण वर्ग ने भाजपा का साथ दिया था और प्रदेश में सरकार बनी थी। इन्होंने आरोप लगाया कि राजनैतिक दल जिस तरह हमेशा ब्राह्मण वर्ग का शोषण कर अपने हित साधने का प्रयास करते हैं, वह असहनीय है।ब्राह्मण कल्याण परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला कांगड़ा व चंबा का ब्राह्मण वर्ग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीतम भारती, सरनदास शर्मा, सचिव अजय पंकिल, कमल पाधा, कुलदीप नारायण, रमेश भाऊ, रिटायर्ड पुलिस अधिकारी सुरेश शर्मा, एसके शर्मा, चंडीदत्त शर्मा, राजेन्द्र शर्मा ने भी अपने विचार रखे। बैठक में अनिल शर्मा, राजीव उपमन्यु, किशोर कौशिक, कमल शर्मा, प्रणव शर्मा, नरेंद्र मेहता नन्दी, इंजी.ओपी शर्मा, धीरज शर्मा, अरविंद शर्मा, सुशील, विवेक, मोहित, अंशुल, साहिल, एसएन तिवारी, डा टीआर शर्मा, शिव नारायण पराशर, राज कुमार शर्मा, आनन्द शर्मा, सुधांशु, सुनील, विपुल, अशोक तिवारी तथा श्रीकांत शर्मा सहित करीब सौ लोग मौजूद रहे।