गृह क्षेत्र सिराज पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की आंखों से छलके आंसू

सराजवासियों द्वारा क्षेत्र से ऐतिहासिक जीत दर्ज करवाने पर जताया आभार
उज्जवल हिमाचल। मंडी

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को विधानसभा चुनावों के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र सिराज का दौरा किया। इस दौरान थुनाग में आयोजित एक जनसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सिराजवासियों को संबंधित करते हुए भावुक हो गए। अपने संबोधन के दौरान जयराम ठाकुर की आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने सिराज विधानसभा क्षेत्र से 6वीं बार लगातार बतौर विधायक विधानसभा भेजने पर आभार प्रकट किया।

यह भी पढ़ें : धनेटा स्कूल में मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, बांटे बोर्ड मैरिट सर्टिफिकेट

वहीं सिराज विधानसभा के विधायक जयराम ठाकुर की आंखों से आंसू निकलते ही जनसभा में माहौल भावुकतापूर्ण हो गया। जनसभा में मौजूद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की आंखें भी नम हो गई। बता दें कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर 6वीं बार लगातार सिराज विधानसभा क्षेत्र से बतौर विधायक चुने गए हैं। जयराम ठाकुर ने सिराज विधानसभा क्षेत्र से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए प्रदेश में अब तक के सबसे बड़े अंतर 38183 से जीत दर्ज की है।

इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मंडी जिला से पहली बार मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सिराज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का कोई भी भविष्य नहीं होने के बारे कहा जाता था। क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की जमानत जब्त तक होने की बातें की जाती थी। लेकिन क्षेत्र के मतदाताओं ने 6 बार लगातार उनकी जीत को प्रशस्त करने के साथ ऐतिहासिक मतों से चुनकर इस बार इतिहास रच दिया है। जिसका कर्ज वे कभी नहीं चुका सकते हैं।

संवाददाता : उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।