सिकंदर का तंज, कहा- कांग्रेस के हाल बेहाल, नहीं मिल रहा राष्ट्रीय अध्यक्ष

Sikandar's taunt, said- Congress's condition is not getting national president
सुंदरनगर में आयोजित भाजपा अनूसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन में बोले राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार

मंडी : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी हर वर्ग के वोटरों को साधने में जुट गई है। इसी कड़ी में बुधवार को मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर के जवाहर पार्क में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नितेन कुमार और विधायक एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री राकेश जंवाल भी मौजूद रहे। सांसद सिकंदर कुमार ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि संपूर्ण देश लगभग कांग्रेस मुक्त हो चुका है और इस बार हिमाचल को भी कांग्रेस मुक्त करना है। इस बार प्रदेशवासियों ने पूर्णाहुति डालकर कांग्रेस का बीज नाश करना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगातार अपना कुनबा देश प्रदेश और विदेश में बढ़ाया जा रहा है। हिमाचल में कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष लखविंदर राणा, पवन काजल और अब एक और कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन भाजपा में शामिल हो गए हैं। सिकंदर ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा पार्टी छोड़े जाने से बिलासपुर से कार्यकारी अध्यक्ष रामलाल ठाकुर, सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री परेशान है। इससे यही प्रतीत होता है कि आने वाले दिनों में यह भी भाजपा में शामिल होने वाले हैं।

यह भी पढ़ें : लापरवाही मामले में परिचालक को लॉन्ग रूट से हटा कर लोकल रूट पर लगाया

सांसद सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा देश में 60 वर्षों तक अनुसूचित जाति को मात्र एक वोट बैंक समझ कर राज किया गया है। आज इस पार्टी का हाल यह है कि इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस पार्टी के पास ना नेता, ना नीति और ना ही कार्यकर्ता है। सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा परिवारवाद के आरोप लगने के बाद इससे हटकर किसी अन्य को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का फार्मूला निकाला गया। लेकिन जिसे पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहती है वह बनना नहीं चाहता है और मुख्यमंत्री ही रहना चाहता है। उन्होंने कहा कि इस नेता द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इनकार करना डमी अध्यक्ष के तौर पर कार्य नहीं करने को लेकर लिया गया है।

संवाददाता : उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।