मीनाक्षी लेखी ने असुरों से कर डाली विपक्ष की तुलना

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने भी की शिरकत

Meenakshi Lekhi compares opposition with Asuras
हिमाचल पर जब होगा असुरों का आक्रमण तो देवशक्ति ही बाहर निकल करेगी रक्षा!

मंडीः हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पूर्व महिला वोटरों को रिझाने के लिए भारतीय जनता पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के जंजैहली में मंडल महिला मोर्चा द्वारा एक भव्य ‘नारी को नमन‘ महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया।

पितृ पक्ष समाप्त होने के बाद शुरू हुए देवी पक्ष में देवियों के आर्शीवाद से जयराम ठाकुर का जीतना है निश्चित!

इस मौके पर केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इसके साथ मुख्यमंत्री एवं सराज क्षेत्र के विधायक जयराम ठाकुर ने बतौर विशेषातिथि के तौर पर शिरकत की। अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने विपक्ष की तुलना असुरों से कर दी। उन्होंने कहा कि जब पितृ पक्ष समाप्त हुआ और देवी पक्ष शुरू हुआ तो देवियों के आर्शीवाद से जयराम ठाकुर का जीतना निश्चित है।

यह भी पढ़ेंः अजय महाजन की मुहीम से जुड़े बॉलीवुड कलाकार राजेंद्रनाथ ज़ुत्शी
देश की देवी शक्ति ने जो कर लिया है तय, उसे कोई नहीं बदल सकता!

देश की देवी शक्ति ने तय कर लिया है तो उसे कोई नहीं बदल सकता है। खासकर असुर इसे बिल्कुल भी नहीं बदल सकते हैं। देवताओं पर जब मुश्किल आई थी तो उन्हें भी देवी शक्ति ने बचाया था। उन्होंने कहा कि अगर आज हिमाचल पर असुरों का आक्रमण होगा तो देवशक्ति ही बाहर निकल कर बचाएगी।

दिल्ली में गली-गली में शराब के ठेके खोलने वाले और पूर्व में प्रदेश चलाने वाले लोग हैं एक ही थाली के चट्टे-बट्टे!

देवियों का जन्म असुरों का नाश करने और देवताओं की रक्षा करने के लिए हुआ है। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दिल्ली में गली-गली में शराब के ठेके खोलने वाले और पूर्व में प्रदेश चलाने वाले लोग एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। इन दोनों में कोई अंतर नहीं है और दिल्ली में भ्रष्टाचार करने के बाद अब हिमाचल में भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें।