सत्येंद्र जैन मामले में हाईकोर्ट का फैसला भाजपा के मुंह पर तमाचा: आप

High Court's decision in Satyendar Jain case a slap on the face of BJP: AAP
सत्येंद्र जैन मामले में हाईकोर्ट के फैसले पर आप पार्टी ने भाजपा पर साधा निशाना

मंडी : आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता पंकज पंडित ने कहा कि हिमाचल के प्रभारी और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली हाईकोर्ट ने बेनामी संपत्ति के आरोपों से बरी कर दिया है। अदालत के निर्णय से सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले भाजपा नेताओं के मुंह पर तमाचा लगा है। अदालत ने साफ कहा कि बेनामी संपत्ति के आरोप कहीं स्टैंड नहीं करते हैं। यह सब झूठे आरोप हैं और इसे खारिज किया जाए। पंकज पंडित ने अदालत के फैसले को आम आदमी पार्टी के विचारों की जीत बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता कट्टर ईमानदार है और हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। आम आदमी पार्टी की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई से भाजपा नेताओं की नींद उड़ी है।

हिमाचल प्रदेश के प्रभारी बनते ही सत्येंद्र जैन ने बहुत तेज गति से आम आदमी पार्टी को मजबूत किया। आम आदमी पार्टी को हिमाचल की जनता का समर्थन मिलने लगा तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सत्ता की कुर्सी का खतरा नजर आने लगा। जिससे एक साजिश के तहत जो आदमी हिमाचल हिमाचल के गांव-गांव में शिक्षा और स्वास्थ्य की बात कर रहा था, उसे जेल में डाल दिया गया। भाजपा की केंद्र सरकार ने ईडी और सीबीआई को दुरुपयोग कर सत्येंद्र जैन के खिलाफ झूठा केस दर्ज कर जेल में डाला। लेकिन आम आदमी पार्टी ने पहले भी कहा कि हमें अदालत पर भरोसा है और आज सच्चाई जनता के सामने हैं। जब भाजपा की साजिश जनता के सामने आई है। पंकज पंडित ने कहा कि सत्येंद्र जैन जल्द से जेल से बाहर आएंगे और हिमाचल में आम आदमी पार्टी को और मजबूत करेंगे।

अदालत ने लगाई ईडी को फटकार, किस आधार पर जज को बदला, भाजपा सरकार की साजिश हुई बेनाकाब : आप

पंकज पंडित ने कहा कि सत्येंद्र जैन के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को फटकार लगाते हुए पूछा कि किस आधार पर जज को बदला गया। जब कोई जज भाजपा सरकार के हिसाब से काम नहीं करता तो उसे बदल दिया जाता है। ऐसा ही मामला सत्येंद्र जैन के केस में हुआ। जिसे लेकर सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को फटकार लगाते हुए सवाल किया कि किस आधार पर जज को बदला गया है। ईडी को सत्येंद्र जैन केस के मामले में जज पर ही भरोसा नहीं था। जिसके कारण जज को बदला गया है। आम आदमी पार्टी को अदालत पर भरोसा है और सच्चाई की जीत हुई है।

ये भी पढ़ें : जयराम सरकार फिजूल खर्जी और चुनावी रैलियों के लिए ले रही कर्जः सुक्खू

सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले भाजपा नेता नड्डा, जयराम और अनुराग ठाकुर अब क्या कहेंगे, मांगे सार्वजनिक माफी : पंकज पंडित

पंकज पंडित ने सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा कि अब वह अदालत के आदेश के बाद जनता के सामने क्या बयान देंगे। खासतौर से अनुराग ठाकुर लगातार सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे थे। पंकज पंडित ने कहा कि सत्येंद्र जैन पर रैलियों में भाषण देकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले भाजपा नेता सार्वजनिक रुप से सत्येंद्र जैन से माफी मांगे। पंकज पंडित ने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि हम कांग्रेसी नहीं हैं जो बिक जाएं, डर जाएं और भाजपा में शामिल हो जाएं। आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता कट्टर देशभक्त है, वो न बिकने वाला है और न ही डरने वाला है। आप नेताओं पर जितने ज्यादा केस दर्ज करोगे, उतनी ही मजबूती के साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता काम करेंगे। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बहुत ही कम समय में प्रदेश के 4.5 लाख लोगों के घर तक केजरीवाल की गारंटियों को पहुंचा दिया है।

मुख्यमंत्री के गृह जिले मंडी में भाजपा दिख रही सबसे कमजोर, जयराम ने पांच साल कुछ किया नहीं , अब कर रहे करोड़ों के शिलान्यास : आप

पंकज पंडित ने कहा कि चुनावों के समय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी में ही भाजपा सबसे कमजोर दिख रही है। कहीं प्रधानमंत्री को बुलाया जा रहा है तो कहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष को बुलाया जा रहा है। पांच साल तक जयराम ठाकुर ने कुछ नहीं किया अब चुनावों के समय पिछले 15 दिनों से विकास पागल हो गया है। मुख्यमंत्री एक दिन में कई विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों के शिलान्यास कर रहे हैं। लगातार कैबिनेट बैठक बुलाकर झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। भाजपा सरकार की झूठी घोषणाओं से अब प्रदेश की जनता गुमराह होने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। आम आदमी पार्टी मजबूत विकल्प के रुप में जनता के सामने हैं। जिसे जनता का समर्थन प्राप्त हो रहा है।

संवाददाता : उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।