संजय पराशर ने जसवां-परागपुर के लिए जारी किया 65 पेज का विजन डॉक्यूमेंट

कहा, आम जनता के कहने पर लड़ने जा रहे हें अगला विधानसभा चुनाव

Sanjay Parashar released 65 page vision document for Jaswan Paragpur
संजय पराशर ने जसवां-परागपुर के लिए जारी किया 65 पेज का विजन डॉक्यूमेंट

परागपुरः आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र से कैप्टन संजय पराशर ने चुनावी हुंकार भर दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह आम जनता के कहने पर यह चुनाव लड़ने जा रहे हैं। शनिवार को परागपुर के नक्की मैदान में हजारों समर्थकों की उपस्थिति में पराशर ने जसवां-परागपुर क्षेत्र के लिए 65 पेज का विजन डॉक्यूमेंट भी जारी कर दिया है, जिसमें उन्होंने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, नारी सशक्तीकरण, गरीबी उन्मूलन, पारदर्शी प्रशासन, कृषि व पशु पालन और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी है। इसी का जिक्र करते हुए संजय पराशर ने जनसमर्थन रैली में कहा कि अगर उन्हें क्षेत्र की जनता विधायक बनाती है, तो उन्हें मिलने वाले वेतन व भत्ते क्षेत्र में गरीबी उन्मूलन पर खर्च किए जाएंगे और वह एक रूपया घर लेकर नहीं जाएंगे।

कहा कि राजनीति में आने का उनका एक ही मकसद जनता की सेवा करना है। कहा कि उनके लिए राजनीति का अर्थ करियर बनाने, निजी आवश्यकताओं की पूर्ति करने, प्रभुत्व और प्रभाव कायम करने की बजाय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का साथ देना है। अपने विजन के बारे में जिक्र करते हुए संजय ने कहा कि जसवां-परागपुर क्षेत्र के वासियों के लिए वह चौबीस घंटे कार्य करने वाले विधायक सेवा केंद्र को खोलेंगे। इस केंद्र के माध्यम से हर समस्या के समाधान के लिए जबावदेही सुनिश्चित की जाएगी और समयबद्ध होकर क्षेत्रवासियों की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। जसवां.परागपुर क्षेत्र में आवास योजना के तहत अगले पांच वर्ष में 2500 गरीब परिवारों के मकानों के निर्माण में सहयोग दिया जाएगा। पराशर ने कहा कि उन्होंने हर वर्ष क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए 5000 हजार नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही क्षेत्र की सभी पंचायतों में ई-सेवा केंद्र खोले जाएंगे, जिसमें सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।

पराशर ने जसवां-परागपुर क्षेत्र में मेडीकल कॉलेज खोलने का भी सपना देखा है। विजन डॉक्यमेंट क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलनाए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में हर वर्ष 800 किलोमीटर सड़कों के निमार्ण की भी बात कही गई है। नारी सशक्तीकरण को लेकर पराशर के विजन में महिलाओं के 300 सेल्फ हेल्फ ग्रुप्स को काम दिलवाना, विधवा महिलाओं को 30 दिन के भीतर पेंशन लगवाना और विधवा पेंशन को प्रति माह 3000 रूपए करने के लिए विधानसभा में चर्चा करने के प्रमुख बिंदु हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के 258 गांवों में हर वर्ष तीन लाख सैनेटरी पैड्स का निःशुल्क वितरण करने का वादा भी किया गया है। जसवां-परागपुर के गांवों में इन्डोर व आउटडारे स्टेडियम के निर्माण का जिक्र भी विजन डॉक्यूमेंट में शामिल है। जसवां-परागपुर के प्रमुख तीर्थ स्थल कालेश्वर महादेव की दिशा व दशा बदलने के लिए मेगा प्रोजेक्ट तेयार करना और इस स्थान के विश्वस्तरीय ढांचागत विकास की गारंटी पराशर द्वारा दी गई है।

किसानों के हित में जसवां-परागपुर में दो किसान संवाद केंद्र खोलना और गौ अभ्यारण खोलने के बारे में जिक्र किया गया है। पेयजल की समस्या से निपटने के लिए पराशर ने बड़ा वादा करते हुए कहा कि अगर तीन दिनों तक किसी बस्ती में नलों से पानी नहीं आता है, तो उनके द्वारा अगले दिन निःशुल्क पेयजल के टैंकर भेजे जाएंगे। इस कार्यक्रम में संजय ने कहा कि जसवां विधानसभा क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि पढ़े लिखे युवा बेरोजगार युवकों को घर द्वार पर ही नौकरियां मिल सकें। कहा कि अगर उन्हें जसवां विधानसभा क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद मिला तो बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, और आम जनता को पारदर्शी प्रशासन से हर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

कांगड़ा ब्यूरो।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।