कांगड़ा में 13 लाख 34 हजार 542 मतदाता चुनेगें अपनी विधानसभा का MLA

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदस्यों के चयन के लिए कल यानि 12 नवंबर को मतदान होने जा रहा है। आबादी के हिसाब से सबसे बड़े जिला कांगड़ा की 15 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 91 प्रत्याशी अलग-अलग दलों के व निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं। चुनाव प्रचार थम चुका है और कल मतदान होगा। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से मतदान के लिए 1,625 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं।

निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि 12 नवंबर को प्रदेश में होने वाले विधानसभा के आम चुनावों के लिए मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिला कांगड़ा के तहत 15 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

यह खबर पढ़ेंः अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली मतदान की शपथ 

कांगड़ा जिला में कुल 13 लाख 34 हजार 542 मतदाता हैं। इनमें 6 लाख 53 हजार 661 महिला मतदाता और 6 लाख 80 हजार 875 पुरुष वोटर हैं। सर्विस वोटर की संख्या 21,768 हैं। विदेश में रह रहे 6 प्रवासी निर्वाचक हैं। इसके अलावा तीसरे जेंडर के 6 मतदाता हैं।

डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में 1,625 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र में 143 और ग्रामीण क्षेत्र में 1,482 मतदान केंद्र हैं। 813 मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। 30 पोलिंग बूथ ऐसे होंगे जिन्हें महिला चुनाव कर्मी संचालित करेंगी।