द्रंग भाजपा मंडल की बैठक में जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य सिंह पर किया पलटवार

5 साल में भाजपा सरकार ने बनाई थी 5 हजार किलोमीटर सड़कें उनके पिता मात्र बना पाए थे ढाई हजार किलोमीटर सड़कें ही

Jairam Thakur hit back at Vikramaditya Singh in Drang BJP Mandal meeting
द्रंग भाजपा मंडल की बैठक में जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य सिंह पर किया पलटवार

उज्जवल हिमाचल। मंडी
पीडब्ल्यूडी व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पिछले दिनों मंडी दौरे के दौरान प्रदेश में सड़कों के खस्ता हाल को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का घेराव किया था। वहीं अब शनिवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य सिंह पर एक तंज कसा है।

द्रंग भाजपा मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि नए नवेले मंत्री पहले अपने विभाग को समझ लें, उसके बाद ही हमारे ऊपर कोई बयान बाजी करें तो बेहतर होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में आज तक पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़कें बनाई गई है।

लेकिन जो मंत्री आज उन पर आरोप लगा रहे हैं, उनके पिता यानी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पास भी यह विभाग रहा है। उस समय कांग्रेस 5 साल में मात्र ढाई हजार किलोमीटर सड़के बना पायी थी। जबकि पूर्व में रही भाजपा सरकार ने 5 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण करवाया है। जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य को नसीहत देते हुए कहा कि वे पहले अपने विभाग अध्ययन कर लें, उसके बाद ही बयानबाजी करें।

यह भी पढ़ें : राजनीति करें लेकिन गरीबों को ना सताए कांग्रेस: मनसुख मंडाविया

वहीं जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें चुनाव हारने का दुःख है लेकिन उनसे ज्यादा दुःख कांग्रेस को मंडी हारने का है। अगर प्रदेश सरकार के नेता मंडी को नजर अंदाज करेंगे, तो उनके लिए बहुत मुश्किल हो जाएगी। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह को भी आड़े हाथों लिया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पधर में जनसभा के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि यदि कौल सिंह जीते होते, तो आज भी मुख्यमंत्री होते। उन्होंने प्रतिभा से सवाल पूछते हुए कहा कि वे ईमानदारी से बताएं कि यदि कौल सिंह चुनाव जीते होते, तो क्या वे उन्हें मुख्यमंत्री बनने देती।

उन्होंने कहा कि कौल सिंह ठाकुर भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंडी में विकास ना होने की बड़ी-बड़ी बातें करते थे। लेकिन आज वे खुद हार कर घर बैठे हैं और द्रंग की जनता ने पूर्ण चंद को अपना आशीर्वाद दिया है।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।