पवन काजल ने किया जल शक्ति विभाग के मंडल कार्यालय का शुभारंभ

जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है

कांगड़ाः विधायक पवन काजल ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत जल शक्ति विभाग के मंडल कार्यालय का डाक बंगला रोड पुराना कांगड़ा में विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में काजल ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद कांगड़ा को उसका हक मिला है। मंडल कार्यालय ना होने के कारण पानी की समस्याओं के निवारण के लिए क्षेत्रवासियों को 50 से 60 किलोमीटर दूर शाहपुर के चक्कर लगाने पड़ते थे।

मंडल कार्यालय शुरू होने के साथ ही रानीताल में जल शक्ति विभाग का उपमंडल और गालियां में सेक्शन कार्यालय का भी शुभारंभ हुआ है। इससे क्षेत्र में पेयजल समस्याओं का शीघ्र निवारण होगा। काजल ने कहा पूर्व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के नाम से विख्यात कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में सरकारी कार्यालय या शिक्षण संस्थान कांगड़ा के बजाय धर्मशाला या नगरोटा और शाहपुर में एट कांगड़ा के नाम से खोले गए हैं।

जिससे ये क्षेत्र विकास में लगातार पिछड़ गया है। लेकिन भविष्य में कांगड़ा के नाम पर खुलने वाला कोई भी सरकारी कार्यालय या संस्थान कांगड़ा में ही होगा। ना कि नगरोटा, पालमपुर, धर्मशाला में। काजल ने कहा बतौर विधायक उन्होंने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में दो सरकारी कॉलेज, दो आईटीआई और कई शिक्षण संस्थान शुरू कराए हैं। काजल ने कहा उन्होंने राजनीतिक दल का बदलाव स्थानीय क्षेत्र की जनता की भावनाओं की कदर करते हुए और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए किया है।

यह भी पढ़ेंः चरस की बड़ी खेप के साथ युवक गिरफ्तार

उन्होंने कहा 13 सितंबर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने क्षेत्र के विकास के लिए जो 16 घोषणाएं की हैं उनमें 10 पूरी हो चुकी है शीघ्र ही सिविल अस्पताल कांगड़ा को 200 बिस्तर और आईटीआई भड़ियाडा, रानीताल में सब तहसील कार्यालय की कैबिनेट मंजूरी मिलने के साथ उनका भी शुभारंभ कर दिया जाएगा। काजल ने कहा कांगड़ा में जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है।

एक सप्ताह भीतर कांगड़ा को मंजूर नए स्वास्थ्य संस्थानों और शिक्षण संस्थाओं का भी शुभारम्भ कर जनता को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर कर इसे मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांगे पूरी होने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का विशेष आभार जताया।

इस मौके पर मंडल भाजपा अध्यक्ष सतपाल सोनी, उपाध्यक्ष नरेंद्र त्रेहान, प्रेम बरसोला, महासचिव रजनीश धीमान, शहरी भाजपा के रमेश महेशी, राकेश मेहरा, ओम प्रकाश गुप्ता, गोपी चंद अग्रवाल, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियन्ता दीपक गर्ग, एक्सन सुमित विमल कटोच, रमेश असित, भी उपस्थित रहे।

ब्यूरो कांगड़ा।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें।