पानी के स्त्रोतों को कूड़ादान बनाने से बचाना होगा: कैप्टन संजय

Water sources have to be saved from making dustbins: Captain Sanjay
संजय पराशर ने संत निरंकारी मिशन के साथ मिलकर कालेश्वर महादेव में चलाया सफाई अभियान
उज्जवल हिमाचल। रक्कड़

कैप्टन संजय ने कहा कि आज पूरे विश्व में पेयजल की कमी का संकट मंडरा रहा है। कहीं यह गिरते भू-जल स्तर के रूप में है तो कहीं नदियों के प्रदूषित पानी के रूप में और कहीं तो सूखते, सिमटते तालाब और झील के रूप में। रविवार को संत निरंकारी मिशन व टीम पराशर के संयुक्त तत्वाधान में जसवां-परागपुर क्षेत्र के कालेश्वर महादेव में चलाए गए सफाई अभियान में संजय ने कहा कि भारत में ‘जल ही जीवन है’ का मुहावरा काफी प्रचलित है, लेकिन इसका वास्तविक अर्थ कई लोगों को नहीं पता है, क्योंकि वो पानी के महत्व को न ठीक से समझते हैं ना ही ठीक से समझना चाहते हैं।

यदि पानी की बर्बादी को जल्द नहीं रोका गया तो जल्दी ही विश्व गंभीर जल संकट से गुजरेगा। दुनिया की आबादी जिस तरह से बढ़ रही है, सबको स्वच्छ पेयजल मुहैया कराना विश्व के सभी देशों खासकर विकासशील देशों के लिए एक चुनौती होगा। पराशर ने कहा कि पानी के स्त्रोत एक तरह से कूड़ेदान बनते जा रहे हैं और इन स्त्रोतों को बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा कि उन्हें संत निरंकारी मंडल द्वारा इस अभियान की जानकारी मिली थी। मिशन के सदस्यों से मिलकर उन्होंने भी इस नेक कार्य में भागीदारी करने का निर्णय लिया।

यह भी पढ़ें : स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल का नर्सरी से लेकर 8वीं कक्षाओं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित

कालेश्वर महादेव उत्तर भारत का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है और यहां की पवित्रता और सफाई के लिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भी ध्यान रखना होगा। पराशर ने कहा कि प्रकृति की स्वच्छता के अलावा हमें मानसिक व बौद्धिक स्तर भी सफाई अभियान चलाने की आवश्यकता है। मन-मस्तिष्क व हृदय की सफाई रखना भी जरूरी है। वहीं, भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सफाई अभियान चलाना होगा। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी निरंतर ऐसे अभियानों का हिस्सा बनते रहेंगे। वहीं, संत निरंकारी मंडल कांगड़ा जाने के इंचार्ज डॉ केसी धमीान ने बताया कि माता सुदीक्षा जी महाराज के आदेश पर यह सफाई अभियान चलाया गया है, जिसमें देश भर के दो लाख से ज्यादा स्वयं सेवियों ने भाग लिया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 69 जगहों पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जसवां-परागपुर में भी चार सौ से ज्यादा स्वयंसेवियों ने जलाशयों की सफाई की। कहा कि कालेश्वर महादेव में सफाई अभियान में कैप्टन संजय पराशर व स्थानीय पुजारी वर्ग ने अमूल्य योगदान व सहयोग दिया। धीमान ने कहा कि कालेश्वर महादेव में नदी किनारे अंतिम संस्कार करने की पंरपरा रही है, लेकिन इससे पौंग जलाशय का पानी दूषित हो रहा है। स्थानीय वासियों को इस तरफ ध्यान देना चाहिए ताकि जल स्वच्छ रहे। इस मौके पर जेसीबी लगाकर व्यास नदी के किनारे अधजली लकड़ियों को भी एकित्रत किया गया। सफाई अभियान का यह कार्यक्रम पांच घंटे तक चला, जिसमें स्थानीय वासी भी शामिल हुए।

संवाददाता: शुभम शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।